वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की पत्नी ने फिनाइल पीकर जान देने की कोशिश, अस्पताल में भर्ती

दस्तक 7मीडिया /पटना 

पटना एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में बिहार कैडर के एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की पत्नी द्वारा कथित तौर पर फिनाइल पीकर आत्महत्या की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 27 अगस्त की शाम की बताई जा रही है। अधिकारी पूर्व में पटना सिटी एसपी के पद पर भी रह चुके हैं।

बताया जाता है कि फिनाइल पीने के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आवास पर तैनात पुलिस वाहन के चालक ने तत्काल उन्हें आईजीआईएमएस पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें दानापुर-सगुना मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल ले गए।

अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है और स्थिति स्थिर है।

प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आत्मघाती कदम उठाने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। अस्पताल प्रशासन की ओर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।