जनता दरबार में डीएम ने सुनीं 20 से अधिक फरियाद, कई मामलों का मौके पर समाधान

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

आम लोगों की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जनता दरबार लगाया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे 20 से अधिक फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। कई मामलों में डीएम ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता दरबार में ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, जमाबंदी, राइस मिल, आवास योजना समेत विभिन्न जनहित से जुड़े मामलों को लेकर अपनी शिकायतें रखीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध, प्रभावी और पारदर्शी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर यथाशीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कई मामलों का तत्काल समाधान कराने का निर्देश दिया, जबकि अन्य आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों के पास भेजते हुए जांच कर शीघ्र प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि शिकायत के समाधान के बाद संबंधित परिवादी को मोबाइल के माध्यम से इसकी जानकारी दी जाए।

जनता दरबार के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता बरतें और अनावश्यक विलंब से बचें। उन्होंने कहा कि त्वरित समाधान से आम जनता का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत होगा।