दिव्यांगों को मुफ्त मिलेंगे कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण,

31 अगस्त से तीन अनुमंडलों में लगेगा परीक्षण शिविर, पहले होगा माप व जांच 

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले के दिव्यांगजनों के लिए राहत की खबर है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की एडिप योजना के तहत पात्र दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए तीन दिवसीय परीक्षण शिविर लगाया जाएगा। शिविर में दिव्यांगजनों की जरूरत के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराने के लिए जांच, परीक्षण और माप लिया जाएगा।

जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि 31 अगस्त को बेनीपुर, एक सितंबर को बिरौल और दो सितंबर को दरभंगा सदर में शिविर आयोजित होगा।
31 अगस्त: बुनियाद केंद्र परिसर, बेनीपुर
1 सितंबर: प्रखंड परिसर, बिरौल
2 सितंबर: इंडोर स्टेडियम, पॉलो मैदान, लहेरियासराय

परीक्षण के बाद योजना के तहत पात्र लाभुकों को आवश्यक कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन, सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद इस सुविधा से वंचित न रहे।