बाल गृहों के बच्चों के लिए बड़ी सुविधा, अस्पताल-कोर्ट जाने को मिलेगा चारपहिया वाहन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समाज कल्याण विभाग के तहत संचालित बाल गृहों में रहने वाले बच्चों के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए अब चारपहिया वाहन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। राज्य के 40 बाल गृहों को एक-एक वाहन उपलब्ध कराया जाएगा। इनका इस्तेमाल बच्चों को अस्पताल, न्यायालय और अन्य जरूरी स्थानों तक ले जाने में किया जाएगा।

सातों दिन 24 घंटे उपलब्ध रहेगा वाहन

नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक बाल गृह के लिए वाहन सातों दिन 24 घंटे उपलब्ध रहेगा। आउटसोर्सिंग के माध्यम से वाहन की सुविधा दी जाएगी, ताकि इलाज या न्यायालय में पेशी जैसी जरूरत पड़ने पर बच्चों को वाहन के लिए इंतजार न करना पड़े। प्रत्येक वाहन के लिए विभाग 75 हजार रुपये प्रतिमाह भुगतान करेगा।

एक साल में खर्च होंगे 3.60 करोड़

समाज कल्याण विभाग ने इस व्यवस्था को एक वर्ष के लिए मंजूरी दी है। 40 वाहनों पर एक साल में कुल 3 करोड़ 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। अभी तक बच्चों को अस्पताल या न्यायालय ले जाने के लिए ऑटो, रिक्शा अथवा उपलब्ध अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था। नई व्यवस्था से उनके आवागमन को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।