बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा से इस्तीफा मांगना घोर निंदनीय – पूर्व महासचिव सुशील कुमार चौधरी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बेनीपुर बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव अधिवक्ता सुशील कुमार चौधरी ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन सह सांसद मनन कुमार मिश्रा के विरुद्ध कुछ अधिवक्ताओं द्वारा लगातार इस्तीफे की मांग किए जाने की कड़ी शब्दों में निंदा की है।

श्री चौधरी ने कहा कि आये दिन देखा जा रहा है कि कुछ लोग व्यक्तिगत स्वार्थ और सस्ती लोकप्रियता के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं, जो कि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि मनन कुमार मिश्रा देश के 25 लाख अधिवक्ताओं के निर्वाचित नेता हैं। वे किसी की कृपा या रहम से नहीं, बल्कि अधिवक्ताओं के विश्वास और वोट से जीतकर लगातार चेयरमैन की कुर्सी पर बैठे हैं। उनका कार्यकाल पारदर्शी और अधिवक्ता हितों को समर्पित रहा है।

उनके नेतृत्व में अधिवक्ता कल्याण निधि में वृद्धि, मृत अधिवक्ताओं के परिवारों को सहायता, नए अधिवक्ताओं के लिए प्रशिक्षण, अधिवक्ताओं के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं। आज पूरे देश में अधिवक्ता समाज उन्हें अपना अभिभावक मानता है।

श्री चौधरी ने कहा कि बिहार के एक साधारण परिवार से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अधिवक्ताओं का नेतृत्व करना गर्व की बात है और उनका विरोध करना पूरे बिहार के अधिवक्ता समाज का अपमान है। बेनीपुर बार एसोसिएशन इस तरह की राजनीति की निंदा करता है और पूरी मजबूती के साथ मनन कुमार मिश्रा के साथ खड़ा है।