सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के साथ एसएसपी ने की बैठक, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा द्वारा गुरुवार को अपने कार्यालय में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, अंचल पुलिस निरीक्षकों एवं सभी पर्यवेक्षक पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान शराब विनष्टीकरण से संबंधित प्रस्तावों एवं विवरणी की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। शराब के साथ वाहन जब्त किए जाने की स्थिति में राजसात के लिए भेजे जाने वाले प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई।

एसएसपी ने दागियों के सत्यापन की स्थिति की समीक्षा करते हुए सत्यापन के बाद तैयार विवरणी को अद्यतन रखने का निर्देश दिया। साथ ही विगत पांच वर्षों में दर्ज संपत्ति मूलक अपराध के मामलों में आरोप पत्रित अपराधियों की सूची तथा उनके विरुद्ध डोजियर प्रस्ताव भेजे जाने की स्थिति की समीक्षा की गई।

अगस्त 2026 में कांडों के निष्पादन की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कांडों के निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित कर उसके अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

न्यायालय से प्राप्त लंबित समन, जमानतीय वारंट, अजमानतीय वारंट, इश्तिहार एवं कुर्की से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को न्यायालय से प्राप्त आदेशों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में अब तक किए गए सरप्राइज चेकिंग, सुपर पेट्रोलिंग, सुपर रेड तथा विभागीय कार्रवाई की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन एवं कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी गंभीरता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।