शहवाजपुर में विकास शिविर, योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान तक पहुंचाने का निर्देश
शहवाजपुर में विकास शिविर, योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान तक पहुंचाने का निर्देश
शहवाजपुर में विकास शिविर, योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान तक पहुंचाने का निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
श्री गुरु संत रविदास समरसता अभियान के तहत गुरुवार को सदर प्रखंड की शहवाजपुर पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में विकास शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में महादलित टोला एवं अनुसूचित जाति-जनजाति समुदाय के लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि संत रविदास के विचार समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता का संदेश देते हैं। इन आदर्शों को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। ऐसे में कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के निर्देश पर प्रत्येक गुरुवार को पंचायतों के महादलित टोलों में संत रविदास विकास शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने का काम किया जा रहा है। जिले की सभी पंचायतों में यह अभियान चलाया जा रहा है और फरवरी 2027 तक अनुसूचित जाति एवं जनजाति टोलों में इसका संचालन जारी रहेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों और लोगों की समस्याओं का नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से निष्पादन किया जाए। साथ ही लाभुकों को उनके आवेदन पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
शिविर में स्थानीय लोगों ने विभिन्न समस्याओं एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ शिविरों को अधिक प्रभावी और जनोपयोगी बनाने का आह्वान किया। साथ ही आम लोगों से संत रविदास के समानता, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और मानवता के संदेश को अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में पंचायत की मुखिया, जिला कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार, सिविल सर्जन, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।