सीसीटीएनएस कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा, नौ थानों को सुधार की चेतावनी
सीसीटीएनएस कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा, नौ थानों को सुधार की चेतावनी
सीसीटीएनएस कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा, नौ थानों को सुधार की चेतावनी
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
वरीय पुलिस अधीक्षक महोदय ने गुरुवार को अपने कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के सभी थानों में कार्यरत सीसीटीएनएस प्रभारियों के साथ सीसीटीएनएस एवं अन्य सूचना प्रौद्योगिकी से संबंधित कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। समीक्षा के दौरान लहेरियासराय, अलीनगर, बहेड़ा, बहेड़ी, सिमरी, सिंहवाड़ा, कुशेश्वरस्थान, सदर एवं बहादुरपुर थाना में सीसीटीएनएस के कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रभारियों को चेतावनी देते हुए अगली समीक्षा तक कार्यों में सुधार लाने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा बैठक में सभी थाना प्रभारियों एवं सीसीटीएनएस कर्मियों को निर्देश दिया गया कि स्टेशन डायरी, प्राथमिकी रिपोर्ट सहित अन्य संबंधित दस्तावेजों की प्रविष्टि सीसीटीएनएस में वास्तविक समय पर सुनिश्चित की जाए। कांड से संबंधित महत्वपूर्ण वीडियो एवं फोटो को ई-साक्ष्य ऐप पर नियमानुसार अपलोड करने का भी निर्देश दिया गया।
पुराने कांडों की केस डायरी को वर्षवार सीसीटीएनएस में अपलोड करने, ई-समन से संबंधित कार्यों को समय पर पूरा करने तथा दर्ज प्राथमिकी एवं गिरफ्तारी मेमो को 24 घंटे के अंदर एससीआरबी पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में क्राइमैक के माध्यम से जीरो प्राथमिकी को दूसरे राज्यों में भेजने, आरोप पत्र एवं अंतिम प्रपत्र को सीसीटीएनएस में अपलोड करने तथा अन्य लंबित आईटी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने गुमशुदा व्यक्तियों के फोटो एवं विवरण को सीसीटीएनएस सहित अन्य संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया। साथ ही क्राइमैक एवं आईसीजेएस पर प्रतिदिन लॉगिन कर आवश्यक खोज एवं सत्यापन करने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त मिशन वात्सल्य पोर्टल पर गुमशुदा व्यक्तियों से संबंधित आवश्यक प्रविष्टियां ससमय करने का निर्देश दिया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सीसीटीएनएस एवं अन्य डिजिटल पुलिसिंग से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा अगली समीक्षा में कार्यों की प्रगति की गंभीरता से जांच की जाएगी।