बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में विश्वविद्यालय नियोजन सूचना एवं मार्गदर्शन केन्द्र, दरभंगा के माध्यम से 29 अगस्त को जॉब कैम्प का आयोजन किया जाएगा। जॉब कैम्प संयुक्त श्रम भवन, रामनगर आईटीआई के निकट, लहेरियासराय स्थित कार्यालय परिसर में सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक चलेगा।
जॉब कैम्प में केके इंटरप्राइजेज द्वारा सीएनसी ऑपरेटर समेत कुल 50 पदों पर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा। इसके लिए 10वीं, 12वीं एवं आईटीआई डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से 19 हजार रुपये प्रतिमाह के साथ अन्य भत्ते दिए जाएंगे।
नियोजनालय में निबंधन कराने वाले अभ्यर्थी ही जॉब कैम्प में शामिल हो सकेंगे। इच्छुक अभ्यर्थी भारत सरकार के राष्ट्रीय कैरियर सेवा पोर्टल पर स्वयं निबंधन करा सकते हैं या नियोजनालय कार्यालय पहुंचकर अपना निबंधन करा सकते हैं।
अभ्यर्थियों को जॉब कैम्प में अपना बायोडाटा, सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की छायाप्रति एवं आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे। विभाग ने अधिक से अधिक अभ्यर्थियों से जॉब कैम्प में पहुंचकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।