मासूम को पिलर से बांधकर बेरहमी से पीटा, मामला केला
तोड़ने का है, पीड़ित परिवार थाना में दिया आवेदन

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर, दरभंगा।

दरभंगा जिला अंतर्गत जमालपुर थाना क्षेत्र के ढंगा गांव में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। महज आठ साल के एक मासूम बच्चे को जबरन उठाकर ले जाने और उसे पिलर से बांधकर लाठी-डंडों से बेधड़क पीटने का आरोप लगा है। इस अमानवीय कृत्य का आरोप स्थानीय पैक्स अध्यक्ष सहित अन्य लोगों पर लगा है।
घटना 25 अगस्त की बताई जा रही है। पीड़ित बालक मंतोष कुमार के घर वालों का कहना है कि वह गांव के अन्य बच्चों के साथ सामान्य रूप से खेल रहा था। इसी दौरान पैक्स अध्यक्ष संजय यादव वहां पहुंचे और मासूम को पकड़कर अपने घर के पास ले गए। आरोप है कि इसके बाद परिजनों की गैरहाजिरी में बच्चे के हाथ-पैर पिलर से बांध दिए गए और उस पर लाठियां बरसाई गईं। बच्चे के रोने-बिलखने की आवाज सुनकर जब स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने इस हैवानियत का वीडियो और फोटो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वहीं, जब पीड़ित मासूम की मां संगीता देवी और अन्य परिजन बच्चे को बचाने पहुंचे, तो दबंगों ने उनके साथ जमकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।पीड़ित की मां संगीता देवी ने जमालपुर थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करने, कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि बच्चों द्वारा पेड़ से केला तोड़ लिए जाने का मामला सामने आया है।
इस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। ग्रामीणों द्वारा बनाए गए वीडियो और तस्वीरों की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।