वाशरूम में फंदे से लटका मिला नवविवाहिता का शव, भाई ने लगाया हत्या का आरोप,
एक वर्ष पहले हुई थी शादी, पति दुबई में करता है काम
भाई का आरोप ,दहेज में पांच लाख रुपये और बाइक की मांग को लेकर किया जाता था प्रताड़ित
दस्तक 7मीडिया /अफजल खान
सदर थाना क्षेत्र के लोआम गांव में बुधवार देर रात एक नवविवाहिता का शव घर के वाशरूम में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उसे डीएमसीएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान लोआम निवासी प्रवासी भारतीय जफर इकबाल की 23 वर्षीय पत्नी हुस्नेआरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, हुस्नेआरा की शादी अगस्त 2025 में जफर इकबाल से हुई थी। जफर इलेक्ट्रिशियन का काम करता है और फिलहाल दुबई में रहकर काम कर रहा है।
गुरुवार को रैयाम थाना क्षेत्र के बाढ़ समैला गांव से मायके पक्ष के लोग डीएमसीएच पहुंचे। मृतका के भाई मो. आदिल ने उसकी मौत को हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के समय दहेज की कोई मांग नहीं की गई थी, लेकिन पति के दुबई जाने के बाद हुस्नेआरा को कथित तौर पर प्रताड़ित किया जाने लगा। मायके पक्ष से पांच लाख रुपये और बाइक की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
आदिल के मुताबिक, दहेज को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई थी और मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा था। परिवार जफर के विदेश से लौटने का इंतजार कर रहा था। इसी बीच बुधवार देर रात हुस्नेआरा के फंदे से लटके मिलने की सूचना मिली।
भाई ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने से करीब एक घंटे पहले हुस्नेआरा की अपने भाई मो. शमशेर से फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान वह काफी परेशान लग रही थी। इसके कुछ ही देर बाद परिजनों को उसकी मौत की सूचना मिली।

