जाले में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 1,368 लीटर से अधिक स्पिरिट और अवैध शराब बरामद

दस्तक 7मीडिया /सिंहबाड़ा 

जाले थाना क्षेत्र के मस्सा गांव में मद्यनिषेध विभाग की टीम ने छापेमारी कर नकली शराब तैयार करने के अवैध धंधे का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान झाड़ी में छिपाकर रखे गए पांच बड़े ड्रमों से करीब 920 लीटर स्पिरिट बरामद की गई। इसके अलावा 375 मिलीलीटर की 105 खाली बोतलें और 180 मिलीलीटर की पेट बोतलों में 448.920 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई।

जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और सेवन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध प्रदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने मस्सा गांव में छापेमारी की।

छापेमारी में कुल 1,368.920 लीटर स्पिरिट एवं अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब और स्पिरिट की अनुमानित बाजार कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है।

मामले में मुख्य आरोपी जितेंद्र पासवान के खिलाफ फरार अभियोग दर्ज किया गया है। मद्यनिषेध विभाग अब नकली शराब के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच कर रहा है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।