पुलिस दीदी को मिले 4,700 स्कूटर-मोटरसाइकिल, मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

दस्तक 7मीडिया /पटना

पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने तथा महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बिहार सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी ने पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड) के लिए 4,700 स्कूटर एवं मोटरसाइकिलों का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री  विजय कुमार चौधरी एवं  विजेन्द्र कुमार यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा एवं विधि विभाग के मंत्री श्री संजय सिंह ‘टाइगर’ तथा शिक्षा विभाग के मंत्री  मिथिलेश तिवारी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव  दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, गृह विभाग के प्रधान सचिव  पंकज कुमार सहित गृह विभाग एवं पुलिस मुख्यालय के कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

4,700 दोपहिया वाहनों के उपलब्ध होने से पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड) की क्षेत्र में पहुंच और त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ेगी। विशेष रूप से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में पुलिस की सक्रियता और प्रभावशीलता को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। यह पहल पुलिस व्यवस्था को आधुनिक, गतिशील और अधिक जनोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।