बिरौल में ईद-मिलादुन्नबी की धूम, अकीदत और एहतराम के साथ निकले दो भव्य जुलूस, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

हजरत मोहम्मद साहब के जन्म दिन पर ईद-मिलादुन्नबी का पर्व बिरौल अनुमंडल क्षेत्र में बेहद अकीदत, उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। इस पावन अवसर पर क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों से विशाल व भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और ‘या रसूल अल्लाह’ के गगनभेदी नारे लगाए।कार्यक्रम को सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए अनुमंडल प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखा। बिरौल के सुपौल बाजार में स्वयं एसडीएम शशांक राज और एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी भारी पुलिस बल के साथ स्वंय मोर्चे पर तैनात रहे। अधिकारियों ने खुद घूम-घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं दूसरी ओर, प्रखंड के पश्चिमी क्षेत्र की कमान पुनि सह पर्यवेक्षी पदाधिकारी अमृत लाल वर्मन और थानाध्यक्ष चंद्र मणि ने संभाली। मुखिया मो.काशिफ,पंचायत समिति प्रतिनिधि गुलाम नबी नदाफ, मो.इसलाम नवाब, शेख इब्राहिम,और रहमत अली की संयुक्त अगुआई में भंथा से एक विशाल जुलूस भंथा गांव से निकाला गया। जो सुपौल हाटगाछी, पुराना थाना चौक से शहीद भगत सिंह स्मारक चौक पहुंचा, यहां से जुलूस पुनः भंथा लौटकर समाप्त हुआ। मौके पर कमरे आलम, विनोद चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। दुसरी ओर प्रखंड के पश्चिमी क्षेत्र में भी ईद-मिलादुन्नबी का उत्साह देखते ही बन रहा था। यहां निकाला गया जुलूस पटनिया,लोहनी,साहो, धकजरी, अहिलबाड़ा गांव से गुजरते हुए तरबाड़ा मस्जिद परिसर पहुंचा।इस जुलूस में बीस सूत्री अध्यक्ष कमरान खां, तनवीर रजा खां, मो. मुमताज, गुलाब आलम और अकरम अंसारी सहित कई गणमान्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।दोनों ही जुलूसों के दौरान पूरा क्षेत्र हजरत मोहम्मद साहब की शान में लगाए जा रहे नारों से गुंजायमान रहा।प्रशासन की चौकसी और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सुरक्षा व्यवस्था में अंचल पुलिस निरीक्षक महफूज आलम, अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार,एसआई सुशील कुमार, एसआई आलोक कुमार,एसआई केशरी नन्द राम, पीएसआई भार्गवी कुमारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।