बिहार प्रशासनिक सेवा के 9 अधिकारियों का तबादला, दरभंगा को मिला नया भूमि सुधार उप समाहर्ता

दस्तक 7मीडिया /पटना 

बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने 26 अगस्त 2026 को बिहार प्रशासनिक सेवा के नौ पदाधिकारियों का स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया है। जारी अधिसूचना के अनुसार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पद पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

अजय कुमार, वरीय उप समाहर्त्ता, गोपालगंज को भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, दरभंगा बनाया गया है। वहीं विशाल को अनुमंडल पदाधिकारी, हाजीपुर, सुजीत कुमार को अनुमंडल पदाधिकारी, अरेराज, ओम प्रकाश लाल को अनुमंडल पदाधिकारी, जगदीशपुर तथा संतोष कुमार को अनुमंडल पदाधिकारी, मधुबनी सदर की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा अमित कुमार सिंह को अनुमंडल पदाधिकारी, मंझौल, राकेश रंजन कुमार को अनुमंडल पदाधिकारी, कहलगांव पद पर पदस्थापित किया गया है। अमित कुमार और यशवंत कुमार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार, पटना में विशेष कार्य पदाधिकारी बनाया गया है।

अधिसूचना के अनुसार अनुमंडल पदाधिकारी के पद पर पदस्थापित अधिकारियों को संबंधित अनुमंडल क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 14 के तहत कार्यपालक दंडाधिकारी की शक्तियां तथा धारा 163 के तहत प्रदत्त शक्तियां प्राप्त होंगी।

सभी स्थानांतरित अधिकारियों को बिना पारगमन काल का लाभ लिए अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देकर प्रभार ग्रहण करने और इसकी सूचना सामान्य प्रशासन विभाग को देने का निर्देश दिया गया है।