मनीगाछी थाना क्षेत्र में शराब माफियाओं पर थानाध्यक्ष की पैनी नजर, 386 लीटर नेपाली शराब बरामद,

फरार दो शराब कारोबारियों की तलाश में छापेमारी जारी, दो अन्य मामलों में आरोपित व वारंटी गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया ,मनीगाछी /

मणिगाछी थाना क्षेत्र में शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। थानाध्यक्ष रणजीत कुमार की सक्रियता और गुप्त सूचना तंत्र के बल पर पुलिस ने विशौल गांव स्थित रही गाछी में छापेमारी कर 386.400 लीटर मामाश्री नेपाली देशी शराब बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शराब का अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, बरामद शराब के मामले में विशौल गांव निवासी पवन साहू, पिता महेंद्र साहू और बलराम साहू, पिता देवन साहू को कारोबारी के रूप में चिन्हित किया गया है। हालांकि, पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही दोनों मौके से फरार हो गए। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने गुप्तचरों को सक्रिय कर दिया है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

इधर, थानाध्यक्ष रणजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मणिगाछी थाना कांड संख्या 171/26, दिनांक 5 जुलाई 2026, धारा 109(1) बीएनएस के प्राथमिकी अभियुक्त सिमला देवी, पति सरोवर यादव, निवासी गोपालपुर को गिरफ्तार किया। वहीं, एक अन्य मामले में गैर-जमानती वारंटी विमल यादव, पिता स्व. ठकाई यादव, निवासी भटपुरा को भी गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। लगातार हो रही कार्रवाई से साफ है कि मणिगाछी पुलिस ने शराब के अवैध कारोबार और फरार आरोपितों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। थानाध्यक्ष रणजीत कुमार की सक्रिय निगरानी और त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में चर्चा है।