गायघाट में ईद उल नबी के अवसर निकाली गई जुलूस, जगह जगह सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम

दीपक कुमार/ गायघाट

ईद-ए-मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर गायघाट क्षेत्र में अकीदत और एहतराम के साथ जूलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। इस दौरान फिजां में “सरकार की आमद मरहबा” के तरानों की गूंज रही। जुलूस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश के मौके पर गायघाट के विभिन्न इलाकों से भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने हाथों में इस्लामी परचम लेकर शिरकत की। जुलूस अपने निर्धारित रास्तों से होते हुए गुजरा, जहां स्थानीय लोगों ने जगह-जगह जुलूस का स्वागत किया और लोगों के बीच मिठाई व शर्बत का वितरण किया गया।
शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। संवेदनशील चौराहों और मुख्य मार्गों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। साथ ही पूरे जुलूस मार्ग की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी का सहारा लिया गया, ताकि किसी भी असामाजिक तत्व पर पैनी नजर रखी जा सके।

स्थानीय पुलिस अधिकारी खुद क्षेत्र में फ्लैग मार्च करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते दिखे। प्रशासन की इस मुस्तैदी और स्थानीय लोगों के सहयोग से ईद-उल-नबी का यह पर्व पूरे गायघाट में आपसी भाईचारे और शांति के साथ संपन्न हुआ।