दोषी करार दिए जाने के बाद पुलिस पर हमला, कैदी वाहन के शीशे तोड़कर भागने की कोशिश
दोषी करार दिए जाने के बाद पुलिस पर हमला, कैदी वाहन के शीशे तोड़कर भागने की कोशिश
दोषी करार दिए जाने के बाद पुलिस पर हमला, कैदी वाहन के शीशे तोड़कर भागने की कोशिश
दस्तक 7 मीडिया /मुंगेर
मुंगेर व्यवहार न्यायालय में सोमवार को एएसआई संतोष कुमार सिंह हत्याकांड में आठ अभियुक्तों को दोषी करार दिए जाने के बाद जमकर हंगामा हुआ। दोषी करार दिए गए अभियुक्तों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और कैदी वाहन के शीशे तोड़कर भागने की कोशिश की। घटना में कोर्ट हाजत प्रभारी एसआई विनोद कुमार, हवलदार विदेश्वरी मांझी समेत तीन पुलिस जवान घायल हो गए। हंगामे में दो अभियुक्तों के भी घायल होने की सूचना है।
जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ कुमारी मनीषा की अदालत ने सोमवार को एएसआई संतोष कुमार सिंह हत्याकांड में तीन महिलाओं समेत सभी आठ अभियुक्तों को दोषी करार दिया। दोषियों में रणवीर कुमार, रंजीत कुमार, राजू कुमार, गुड्डू कुमार, विकास कुमार, रेखा देवी, सरिता देवी और मौसम कुमारी शामिल हैं।
बताया जाता है कि मामला मार्च 2025 में होली के दिन मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नंदलालपुर गांव में डायल-112 के एएसआई संतोष कुमार सिंह की पीट-पीटकर हत्या से जुड़ा है। अदालत से दोषी करार दिए जाने के बाद सभी अभियुक्त आक्रोशित हो गए। सुरक्षाकर्मी जब उन्हें कैदी वाहन से मंडल कारागार ले जा रहे थे, तभी वाहन के अंदर उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
अभियुक्तों ने कैदी वाहन का शीशा तोड़ दिया और बीच-बचाव करने पहुंचे कोर्ट हाजत प्रभारी समेत पुलिस जवानों के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सैयद इमरान मसूद पुलिस बल के साथ कोर्ट परिसर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद सभी दोषियों को कड़ी सुरक्षा के बीच मंडल कारागार भेज दिया गया।
पुलिस ने कोर्ट परिसर में पुलिसकर्मियों पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को क्षतिग्रस्त करने के मामले में दोषियों के खिलाफ कोतवाली थाने में अलग से प्राथमिकी दर्ज की है। हत्याकांड में सजा के बिंदु पर अगली सुनवाई 7 सितंबर 2026 को होगी।
चार हजार रुपये रिश्वत लेते शिकारपुर थाने का एएसआई गिरफ्तार
26,745 नोटिसों के विवाद पर हाईलेवल कमेटी गठित, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी करेंगे अध्यक्षता, नियमों के साथ आम लोगों और कारोबारियों के हितों पर भी होगा विचार