चार हजार रुपये रिश्वत लेते शिकारपुर थाने का एएसआई गिरफ्तार

दस्तक 7 मीडिया / पटना 

पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिकारपुर थाने में पदस्थापित एएसआई (जमादार) उपेंद्र विद्यार्थी को चार हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी नरकटियागंज के हाईस्कूल चौक स्थित एक चाय दुकान के पास की गई। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, हरदी टेढ़ा (पकड़ी) गांव निवासी अमृत कुमार के पिता के खिलाफ विद्युत चोरी का मामला दर्ज था। आरोप है कि मामले में थाना स्तर से मदद करने और केस खत्म कराने के नाम पर एएसआई उपेंद्र विद्यार्थी ने अमृत कुमार से रिश्वत की मांग की थी। शुरुआत में आठ हजार रुपये मांगे गए थे। इसमें से एक हजार रुपये पहले ही दिए जा चुके थे। बाद में काफी आग्रह के बाद चार हजार रुपये में सौदा तय हुआ।

रिश्वत देने के इच्छुक नहीं होने पर अमृत कुमार ने पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत की। शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी डीएसपी सतीश माधव के नेतृत्व में टीम गठित कर जाल बिछाया गया।

सोमवार दोपहर एएसआई उपेंद्र विद्यार्थी हाईस्कूल चौक के पास स्थित चाय दुकान पर रिश्वत की रकम लेने पहुंचे। जैसे ही उन्होंने चार हजार रुपये लिए, पहले से घात लगाए निगरानी टीम ने उन्हें रंगेहाथ दबोच लिया। बताया गया कि गिरफ्तारी के समय एएसआई हाफ पैंट में थे।

गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी एएसआई को अपने साथ पटना ले गई, जहां उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। निगरानी की इस कार्रवाई से शिकारपुर थाना समेत स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।