तीन जिलों के 300 पारा विधिक स्वयंसेवकों को मिला प्रशिक्षण, कर्तव्यों एवं विधिक योजनाओं की दी जानकारी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर मंगलवार को प्रेक्षागृह में प्रमंडलीय स्तर के पारा विधिक स्वयंसेवकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण सह संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा अजय कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में दरभंगा प्रमंडल के दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिले के करीब 300 पारा विधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के संयुक्त सचिव अविनाश कुमार बतौर सम्मानित अतिथि शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान पारा विधिक स्वयंसेवकों को उनके कर्तव्यों, नालसा की विभिन्न योजनाओं तथा विधिक सेवा से जुड़े कार्यों के प्रभावी तरीके से निष्पादन की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दरभंगा सदर के पारा विधिक स्वयंसेवकों तथा विधिक साक्षरता क्लब के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। स्वागत भाषण में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा ने सभी पारा विधिक स्वयंसेवकों से निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

संयुक्त सचिव अविनाश कुमार ने पारा विधिक स्वयंसेवकों से संवाद कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन द्वितीय श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट आनंद सौरव ने किया।

प्रशिक्षण सत्र का संचालन सेंटर डायरेक्ट कवच परियोजना के अभिजीत एवं यूनिसेफ के अजय कुमार ने किया। मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, समस्तीपुर के सचिव मनोज कुमार, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ त्रिपाठी, सेंटर डायरेक्ट कवच परियोजना के रामविनय कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।