हर माह अंतिम मंगलवार को लगेगा विद्यार्थी सहयोग शिविर, 28 स्थानों पर विद्यार्थियों की समस्याओं का होगा समाधान
हर माह अंतिम मंगलवार को लगेगा विद्यार्थी सहयोग शिविर, 28 स्थानों पर विद्यार्थियों की समस्याओं का होगा समाधान
हर माह अंतिम मंगलवार को लगेगा विद्यार्थी सहयोग शिविर, 28 स्थानों पर विद्यार्थियों की समस्याओं का होगा समाधान
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं अन्य समस्याओं के त्वरित समाधान और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिले के 28 स्थानों पर विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास, मोगलपुरा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी कौशल कुमार ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रड्डी, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत एवं छात्रावास के छात्र ने संयुक्त रूप से किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थी सहयोग शिविर बिहार सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इसका आयोजन प्रत्येक माह के अंतिम मंगलवार को किया जाएगा, ताकि छात्र-छात्राओं की समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जा सके। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग सही दिशा में करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से किसी भी समय अपनी समस्याओं को दर्ज करा सकते हैं। विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित एवं अनुशासित होकर पढ़ाई करने की अपील करते हुए कहा कि माता-पिता अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद के साथ गांव से दूर भेजते हैं। इसलिए विद्यार्थियों को उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी लगन और मेहनत से अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने अनावश्यक रील्स और मनोरंजन में समय बर्बाद करने से बचने तथा समय का सदुपयोग भविष्य निर्माण में करने की सलाह दी।
कक्षा, परीक्षा और शुल्क से जुड़ी शिकायतें भी होंगी दर्ज
शिविर और पोर्टल के माध्यम से समय पर कक्षा संचालित नहीं होने, शिक्षकों के अनुपस्थित रहने, परीक्षा समय पर नहीं होने, परीक्षाफल के प्रकाशन में देरी तथा अनधिकृत शुल्क वसूली जैसी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। इसके अलावा बिजली, बैठने की व्यवस्था, प्रयोगशाला, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, कोचिंग व्यवस्था और विधि-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को भी संबंधित स्तर पर रखा जा सकेगा।
वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रड्डी ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और अपने करियर के प्रति सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने रैगिंग से पूरी तरह दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों और छात्रावासों में अनुशासन, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा उन्हें उचित माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। मौके पर अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार यादव सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, छात्रावास कर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित थे।