स्कूली छात्राओं के आपसी विवाद में आठवीं की छात्रा जख्मी,सहपाठी छात्रा पर गला दबाने का आरोप, डीएमसीएच रेफर

दस्तक 7 मिडिया,घनश्यामपुर, दरभंगा।

प्राथमिक मध्य विद्यालय घनश्यामपुर में मंगलवार को आठवीं कक्षा की दो छात्राओं के बीच हुए विवाद के दौरान एक छात्रा की हालत गंभीर होने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार, सहपाठी छात्रा द्वारा गाली-गलौज किए जाने का विरोध करने पर उक्त छात्रा का दोनों हाथों से गला दबाने का आरोप है,इससे छात्रा का दम घुटने लगा।
घटना के बाद कक्षा में मौजूद छात्र-छात्राओं ने दिव्या के चेहरे पर पानी डालकर उसे सामान्य करने का प्रयास किया, लेकिन उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। जानकारी मिलने पर परिजन स्कूल पहुंचे और छात्रा की हालत गंभीर देखकर विद्यालय के शिक्षक राधा रमन उसे मोटरसाइकिल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घनश्यामपुर ले गए, जहां चिकित्सकों की देखरेख में प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा को डीएमसीएच रेफर कर दिया। परिजनों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार ठाकुर पर घटना के बाद छात्रा को देखने अस्पताल नहीं पहुंचने का आरोप लगाया। उन लोगों का कहना है कि विद्यालय से अस्पताल की दूरी करीब 500 मीटर होने के बावजूद वे इस मामले में गंभीर नहीं दिखे। परिजनों ने घटना की सूचना तत्काल थानाध्यक्ष आलोक कुमार को देने की बात कही है। इधर,प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार ठाकुर ने बताया कि विद्यालय में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित होने के कारण वे +2 विद्यालय में मौजूद थे। उन्होंने घटना के संबंध में इससे अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया।