नेत्रहीन व मूक-बधिर विद्यालयों में लगा विद्यार्थी सहयोग शिविर,

शैक्षणिक व छात्रावास संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान का मिला भरोसा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

नेत्रहीन एवं मूक-बधिर विद्यालयों में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। सहायक निदेशक (दिव्यांगजन सशक्तीकरण)-सह-नोडल पदाधिकारी आशीष अमन की अध्यक्षता में श्री कामेश्वरी प्रिया राजकीय नेत्रहीन उच्च विद्यालय तथा श्री कामेश्वरी प्रिया राजकीय मूक-बधिर खेल मध्य विद्यालय में शिविर लगा। मौके पर सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा शशि कुमार और सहायक निदेशक बाल संरक्षण अनिमेष चन्द्रा मौजूद रहे।

आशीष अमन ने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक और छात्रावास संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार के उद्देश्य से 17 अगस्त को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ शुरू किया है। इसके माध्यम से छात्र अपनी समस्याएं और सुझाव ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि कक्षा समय पर नहीं चलने, शिक्षकों की अनुपस्थिति, परीक्षा में देरी, परिणाम समय पर जारी नहीं होने, अनधिकृत शुल्क वसूली, बिजली, बैठने की व्यवस्था, प्रयोगशाला, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और कोचिंग समेत अन्य समस्याओं की शिकायत पोर्टल पर की जा सकती है। प्राप्त शिकायतों और सुझावों को संबंधित विभागों के स्तर पर समेकित कर कार्रवाई की जाएगी।

पोर्टल पर दर्ज करें शिकायत

विद्यार्थी sahyog.bihar.gov.in पर किसी भी समय अपनी शिकायत अथवा सुझाव दर्ज कर सकते हैं। उपलब्ध योजनाओं के तहत लागू किए जा सकने वाले सुझावों पर निर्धारित अवधि में कार्रवाई होगी, जबकि अन्य सुझावों पर उच्चस्तरीय शिक्षा सुधार समिति विचार करेगी।

अधिकारी ने बताया कि ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के तहत हर माह के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में विद्यार्थियों की समस्याएं सुनी जाएंगी और संबंधित विभागों के माध्यम से उनके समयबद्ध समाधान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।