जमीन की नापी कराने निकले अधेड़ की सड़क हादसे में मौत

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान 

सिंहवारा थाना क्षेत्र के अज्ञातपुर वार्ड नंबर-7 निवासी मोहम्मद आबिद रैन (55) की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक मोहम्मद हबीब के पुत्र थे। उनके तीन पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। वह जमीन की खरीद-बिक्री का काम करते थे।

 

परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे आबिद अपनी पत्नी को जमीन की नापी कराने की बात कहकर घर से निकले थे। कुछ देर बाद स्थानीय पूर्व मुखिया आलम मुखिया ने परिजनों को फोन कर बताया कि उनका एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलने पर परिवार के लोग बरहमपुर के पास स्थित अस्पताल पहुंचे, जहां आबिद गंभीर हालत में मिले।

परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, हादसे के बाद आबिद सिर्फ पानी पिलाने की बात कह रहे थे। हादसा कैसे हुआ और किस वाहन की चपेट में आने से वह घायल हुए, इसकी जानकारी अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

मृतक के छोटे भाई अकबर राय ने घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की बात कही गई है।