बेनीपुर को मिली ऐतिहासिक न्यायिक सौगात, 11 थानों के उत्पाद मामलों की सुनवाई अब बेनीपुर न्यायालय में।

दस्तक 7मीडिया ,बेनीपुर /विधि संवाददाता 

बेनीपुर अनुमंडल के न्यायिक इतिहास में सोमवार का दिन मील का पत्थर साबित हुआ। चार वर्षों के अथक प्रयास के बाद बेनीपुर व्यवहार न्यायालय को बड़ी न्यायिक सौगात मिली है। पटना उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार अब बहेड़ा, अलीनगर, घनश्यामपुर, बिरौल, जमालपुर, कुशेश्वरस्थान, बड़गांव, नदी, तिलकेश्वर, उत्पाद बेनीपुर एवं उत्पाद बिरौल थाना क्षेत्र से जुड़े सभी उत्पाद मामलों की सुनवाई, जमानत एवं निष्पादन बेनीपुर व्यवहार न्यायालय में ही किया जाएगा।

इस निर्णय से बेनीपुर और बिरौल अनुमंडल के लाखों वादकारियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उत्पाद मामलों के लिए उन्हें दरभंगा न्यायालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के सूत्रधार बेनीपुर बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव एवं अखिल भारतीय अधिवक्ता कल्याण समिति युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय महामंत्री अधिवक्ता सुशील कुमार चौधरी को माना जा रहा है। इस उपलब्धि पर बेनीपुर बार परिसर में नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह का नेतृत्व बेनीपुर बार एसोसिएशन के महासचिव कृष्ण कुमार झा एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता संतोष कुमार झा ने संयुक्त रूप से किया।

समारोह में अधिवक्ता सुशील कुमार चौधरी का मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग, चादर, माला एवं अंगवस्त्र से भव्य अभिनंदन किया गया।

अपने संबोधन में अधिवक्ता चौधरी ने कहा कि यह सम्मान उनका नहीं, बल्कि अधिवक्ता परिवार, लिपिक भाइयों और बेनीपुर की जनता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में न्यायिक सुविधाओं के विस्तार का प्रयास आगे भी जारी रहेगा। बेनीपुर में अनुसूचित जाति एवं जनजाति न्यायालय, पारिवारिक न्यायालय तथा पोक्सो न्यायालय की स्थापना के लिए भी मुख्यमंत्री एवं संबंधित उच्चाधिकारियों को पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया है।

समारोह में अधिवक्ता भोला ठाकुर, बैजू झा, मदन ठाकुर, उमेश झा, प्रवीण कुमार सिंह, अमर कुमार, विकास पासवान, अधिवक्ता लिपिक महेंद्र पासवान, मदन साहू, समाजसेवी रौशन झा, मुरारी झा, मुकेश झा, ललित चौधरी सहित दर्जनों अधिवक्ता, अधिवक्ता लिपिक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।