कुशेश्वरस्थान में उमड़ा आस्था का जनसैलाब: ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजा मिथिला का देवघर

प्रशांत कुमार, दस्तक 7 मीडिया, कुशेश्वरस्थान।

मिथिला के प्रसिद्ध ‘देवघर’ के नाम से विख्यात बाबा कुशेश्वरनाथ शिव मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी पर आस्था का विशाल सैलाब उमड़ पड़ा। बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए रविवार देर रात से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में जुटने लगी थी। श्रद्धालुओं के अटूट उत्साह को देखते हुए प्रशासन व न्यास समिति द्वारा रात्रि 12 बजे के बाद से ही जलाभिषेक प्रारंभ करा दिया गया, जो पूरे दिन अनवरत चलता रहा।

तीन किलोमीटर लंबी कतारें, महिलाओं में दिखा खास उत्साह

अंतिम सोमवारी के अवसर पर मंदिर परिसर में महिला श्रद्धालुओं की उपस्थिति सबसे अधिक देखने को मिली। हाथों में गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा और पूजन सामग्री लिए महिलाएं और पुरुष घंटों कतार में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। भीड़ का आलम यह था कि कुशेश्वरस्थान बाजार के दोनों ओर करीब एक-एक किलोमीटर तक लंबी-लंबी कतारें लग गई थीं। पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव”, “बोल बम” और “जय कुशेश्वर” के जयकारों से गुंजायमान रहा।

प्रशासनिक अमला रहा मुस्तैद: DIG, DM और SSP ने संभाला मोर्चा।

श्रद्धालुओं की भारी सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मौके पर डीआईजी मनोज कुमार तिवारी, डीएम कौशल कुमार, एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी और ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी रविवार की रात से ही खुद मौजूद रहे और पूरी व्यवस्था का जायजा लेते दिखे।
वहीं, व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए एसडीएम शशांक राज और एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा, सीओ राकेश रौशन रविवार की रात से ही स्थल पर डटे रहे और कमान संभाले रखी। न्यास समिति और प्रशासन की संयुक्त टीम भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित दर्शन कराने में लगातार जुटी रही

घंटों जाम से जनजीवन अस्त-व्यस्त, थानाध्यक्ष खुद सड़क पर उतरे।

श्रद्धालुओं और वाहनों की अत्यधिक संख्या के कारण कुशेश्वरस्थान की मुख्य सड़कों पर घंटों भीषण जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आम लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। यातायात व्यवस्था को बहाल करने और जाम छुड़ाने के लिए थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद खुद पुलिस बल के साथ सड़क पर मुस्तैद रहे और साथ में तिलकश्वर थानाध्यक्ष केसरी नंदन राम, नदी थानाध्यक्ष सुशील कुमार घंटों मशक्कत कर यातायात को चालू कराया।

तेज धूप और उमस से तीन श्रद्धालु बेहोश।

दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप और भीषण उमस ने श्रद्धालुओं की परीक्षा ली। अत्यधिक गर्मी और थकान के कारण कतार में खड़े तीन श्रद्धालु बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कुशेश्वरस्थान पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।इस मामले में न्यास समिति अध्यक्ष सह एसडीएम शशांक राज ने बताया कि लगभग दो लाख लोगों ने जलाभिषेक किया है।