हर माह चतुर्थ मंगलवार को लगेगा विद्यार्थी सहयोग शिविर,
25 अगस्त से जिले के चयनित विद्यालयों व छात्रावासों में होगी शुरुआत
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के त्वरित समाधान और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए जिले में प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ आयोजित किया जाएगा। राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए शुरू किए जा रहे इस अभियान की शुरुआत 25 अगस्त से होगी।
जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी ने शिविर के सफल संचालन को लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। संबंधित विद्यालयों और छात्रावासों में विभागीय पदाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों व कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। शिविर में विद्यार्थियों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनके समाधान के लिए संबंधित विभाग व संस्थानों से समन्वय किया जाएगा।
इन संस्थानों में लगेगा शिविर
सदर प्रखंड के डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास मोगलपुरा, अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण छात्रावास राज हाई स्कूल हसन चौक, जननायक कर्पूरी ठाकुर कल्याण छात्रावास सुंदरपुर बेला, उच्च माध्यमिक विद्यालय कबीरचक, प्लस टू एमएल एकेडमी उच्च विद्यालय तथा अल्पसंख्यक कल्याण बालक छात्रावास, मिल्लत कॉलेज के निकट शिविर का आयोजन किया जाएगा।
पोर्टल पर भी दर्ज होगी शिकायत
विद्यार्थी अपनी शिकायत और सुझाव ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ पर भी दर्ज करा सकेंगे। पोर्टल पर संबंधित विद्यालय, महाविद्यालय व छात्रावास के वास्तविक विद्यार्थी ही निबंधन कर शिकायत या सुझाव दे सकेंगे। इसमें शैक्षणिक समस्याओं के साथ संस्थान में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज की जा सकेंगी।
विद्यार्थी समय पर कक्षा नहीं चलने, शिक्षकों की अनधिकृत अनुपस्थिति, परीक्षा समय पर नहीं होने, परीक्षाफल के प्रकाशन में देरी, अनधिकृत शुल्क वसूली, बिजली व बैठने की व्यवस्था, प्रयोगशाला, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, कोचिंग व्यवस्था और विधि-व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। पढ़ाई एवं शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित करने वाली अन्य समस्याओं की भी शिकायत की जा सकेगी।
शिविर और पोर्टल के माध्यम से प्राप्त सुझावों को संबंधित प्रशासी विभाग द्वारा समेकित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों व कर्मियों को शिकायतों और सुझावों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही विद्यार्थियों को इस सुविधा के प्रति जागरूक कर अधिक से अधिक वास्तविक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।