विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ बाढ़ तैयारी पर जोर, लंबित नीलाम पत्र वादों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ बाढ़ तैयारी पर जोर, लंबित नीलाम पत्र वादों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ बाढ़ तैयारी पर जोर, लंबित नीलाम पत्र वादों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में सोमवार को प्रमंडल स्तरीय विकास योजनाओं, विधि-व्यवस्था, बाढ़ पूर्व तैयारी, पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरों के अधिष्ठापन और नीलाम पत्र वादों के निष्पादन की समीक्षा की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर के जिलाधिकारी समेत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी जुड़े।
बैठक में आयुक्त ने तीनों जिलों में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने आगामी बाढ़ की आशंका को देखते हुए सभी जिलों को तैयारियां सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया। आमजन और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। विधि-व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का भी निर्देश दिया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक, मिथिला क्षेत्र मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि मधुबनी जिले के कुछ थानों में सीसीटीवी कैमरों का अधिष्ठापन किया जाना है। इसके लिए थाना निर्माण एवं स्थापना से संबंधित भूमि चिह्नित करने की आवश्यकता है। आयुक्त ने मधुबनी जिलाधिकारी को भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने का निर्देश दिया।
दरभंगा जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति से आयुक्त को अवगत कराया। उन्होंने सावन की अंतिम सोमवारी के दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए किए गए इंतजाम, आरओबी निर्माण, आमस-दरभंगा परियोजना तथा प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी।
छोटे-बड़े सभी बकायेदारों पर कार्रवाई के निर्देश
नीलाम पत्र वादों की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने बड़े बकायेदारों के साथ छोटे बकायेदारों को भी चिह्नित कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कराने को कहा। उन्होंने प्रभावी कार्रवाई के माध्यम से बकाया राशि की वसूली में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समस्तीपुर जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने बताया कि बकाया राशि की वसूली और नीलाम पत्र वादों के निष्पादन को लेकर बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्रवाई की जा रही है। आयुक्त ने बैंक और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा।
बैठक में आयुक्त ने सावन की अंतिम सोमवारी को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए तीनों जिलों के प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से आमजन एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
इसके बाद बस परमिट/पराग सुरक्षित जमा निर्धारण समिति की बैठक भी हुई। इसमें क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार के पदाधिकारी मनोज कुमार, क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में समिति से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
आयुक्त ने विकास योजनाओं, विधि-व्यवस्था, बाढ़ पूर्व तैयारी, नीलाम पत्र वादों के निष्पादन तथा थाना स्तर पर सीसीटीवी अधिष्ठापन के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।