अंतिम सोमवारी पर दर्दनाक हादसा: कुशेश्वरनाथ धाम पूजा करने आ रहे युवक की मौत, चार घायल।
अंतिम सोमवारी पर दर्दनाक हादसा: कुशेश्वरनाथ धाम पूजा करने आ रहे युवक की मौत, चार घायल।
अंतिम सोमवारी पर दर्दनाक हादसा: कुशेश्वरनाथ धाम पूजा करने आ रहे युवक की मौत, चार घायल।
प्रशांत कुमार, दस्तक 7 मीडिया, कुशेश्वरस्थान।
सावन की अंतिम सोमवारी पर बाबा कुशेश्वरनाथ धाम में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करने आ रहे श्रद्धालुओं के साथ सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एसएच-56 के कुशेश्वरस्थान-फुलतोड़ा मार्ग पर उसरी गांव के समीप हुई सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान खगड़िया जिले के अलौली प्रखंड अंतर्गत संहसी गांव निवासी सोनू सिंह (पिता- सरिस सिंह) के रूप में हुई है। दुर्घटना में घायल युवकों में विक्की (16), पिता- पंकज कुमार झा, निवासी लदौरा; रवि कुमार (17), पिता- राजीव सिंह, निवासी हरिपुर; अभिनंद कुमार (18), पिता- बबन सिंह, निवासी संहसी तथा प्रियांशु कुमार (18), पिता- फुलचंद राय शामिल हैं।
बताया जाता है कि सभी युवक सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए कुशेश्वरस्थान आ रहे थे। इसी दौरान उसरी गांव के समीप हाई स्पीड के कारण संतुलन बिगड़ने से उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि सोनू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायलों में विक्की की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए घायलों को बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर किया गया है।
अंतिम सोमवारी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के कुशेश्वरनाथ धाम पहुंचने के बीच हुए इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई जिसके बाद थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और आगे की कार्रवाई में जुट गए। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही सोनू सिंह के परिजनों और घायल युवकों के परिवारों में कोहराम मच गया। बाबा कुशेश्वरनाथ की पूजा और जलाभिषेक के लिए निकले युवकों के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे ने अंतिम सोमवारी के उत्सवी माहौल को मातम में बदल दिया।
गायघाट में सावन के अंतिम सोमवार पर शिव मंदिरों में उमड़ी भीड़:श्रद्धालुओं ने प्रसाद वितरण किया, प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
महर्षि चरक जयंती पर आयुर्वेद के वैज्ञानिक विकास का संकल्प , सेवानिवृत्त वरीय वैद्य रमेश चंद्र प्रसाद को किया गया सम्मानित, आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा के समन्वय पर मंथन