एनआईए की छापेमारी, मुख्य पार्षद के बेटे को हिरासत में लेकर पटना ले गई टीम

दस्तक 7 मीडिया /पटना 

सारण जिले के परसा नगर पंचायत की मुख्य पार्षद आयशा खातून के चेतन परसा स्थित आवास पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शनिवार को छापेमारी की। दिल्ली और पटना से पहुंची एनआईए की विशेष टीम ने भारी पुलिस बल के साथ करीब चार घंटे तक आवास की गहन तलाशी ली। कार्रवाई के बाद मुख्य पार्षद के बेटे और वर्तमान वार्ड पार्षद मोहम्मद करमुल्लाह अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए पटना ले जाया गया।

बताया जा रहा है कि एनआईए की यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और अवैध फंडिंग से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क की जांच के सिलसिले में हुई है। जांच एजेंसी को अत्याधुनिक हथियारों, जिसमें एके-47 के पुर्जों की तस्करी, मुजफ्फरपुर के हथियार नेटवर्क और असम के दीमापुर से पूर्व में बरामद हथियारों के बीच संभावित कनेक्शन की जांच करनी है।

सूत्रों के अनुसार, करमुल्लाह अंसारी का नाम पूर्व में भी अवैध हथियारों से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है और वह जेल जा चुका है। एनआईए की टीम ने करीब चार घंटे तक आवास के विभिन्न हिस्सों की तलाशी ली और कई बिंदुओं पर जानकारी जुटाई।

इससे पहले दिसंबर 2024 में भी एनआईए की टीम ने इसी आवास पर लंबी छापेमारी की थी। उस दौरान करीब 10 से 12 घंटे तक जांच और तलाशी की कार्रवाई चली थी। शनिवार की कार्रवाई को उसी जांच से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, एनआईए की ओर से इस कार्रवाई और हिरासत में लिए गए व्यक्ति के खिलाफ आरोपों को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है।