तीन साल से एक ही सीट पर जमे नगर निकाय कर्मियों का होगा तबादला,भ्रष्टाचार पर रोक के लिए नगर विकास विभाग का कड़ा निर्देश, एक सप्ताह में मांगी कार्रवाई की रिपोर्ट 

दस्तक 7मीडिया /पटना 

बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने राज्य के सभी नगर निकायों में लंबे समय से एक ही डेस्क, पटल या प्रभार संभाल रहे कर्मियों को तत्काल बदलने का निर्देश दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों में तीन वर्ष या उससे अधिक समय से एक ही सीट या प्रभार पर कार्यरत कर्मियों का स्थानांतरण किया जाए।

विभाग के इस फैसले का मुख्य उद्देश्य लंबे समय से एक ही सीट पर जमे रहने के कारण विकसित होने वाले एकाधिकार को समाप्त करना और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाना है। इसके साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

संवेदनशील पटलों पर विशेष नजर

निर्देश के तहत नगर निकायों के संवेदनशील और महत्वपूर्ण पटलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें राजस्व, कर वसूली, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, निविदा समेत अन्य महत्वपूर्ण शाखाएं शामिल हैं। इन पटलों पर लंबे समय से कार्यरत कर्मियों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाएगा।

एक सप्ताह में देनी होगी रिपोर्ट

नगर विकास एवं आवास विभाग ने सभी संबंधित नगर निकायों को निर्देश के अनुपालन में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने को कहा है। विभाग के इस आदेश के बाद नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों में लंबे समय से एक ही सीट पर कार्यरत कर्मियों के स्थानांतरण की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।

विभाग का मानना है कि समय-समय पर पटल परिवर्तन से कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसी एक कर्मी का किसी विशेष कार्य या शाखा पर लंबे समय तक प्रभाव कायम नहीं रहेगा।