दरभंगा ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी ने किया बिरौल थाना का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा की ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) साक्षी कुमारी ने शनिवार को बिरौल थाना का लगभग तीन घंटे तक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों का जायजा लिया। थाना परिसर में आगमन पर सशस्त्र बलों के जवानों ने उन्हें भव्य ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ की सलामी दी। ग्रामीण एसपी ने थाना भवन में संचालित सभी अनुभागों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया। उन्होंने थाना की विभिन्न अभिलेखीय पंजियों की अद्यतन स्थिति की गहन समीक्षा की और रख-रखाव को लेकर थानाध्यक्ष चंद्रमणि को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाने में पदस्थापित सभी पीएसआई से उनके दैनिक कार्य-कलापों और प्राप्त कर रहे प्रशिक्षण की जानकारी ली तथा बेहतर पुलिसिंग के लिए मार्गदर्शन किया। निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, अंचल पुलिस निरीक्षक महफूज आलम, पर्यवेक्षी पुलिस निरीक्षक अमृत लाल वर्मन, एसआई शशि भूषण रजक,एसआई मुन्नी कुमारी, एएसआई प्रेम कुमार, एएसआई जितेंद्र शर्मा समेत कई अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।