बिहार पशु चिकित्सा परिषद की पंजीकरण नवीनीकरण सेवा ऑनलाइन,
दूर-दराज के पशु चिकित्सकों को बड़ी राहत, एसएमएस से पांच बार मिलेगा रिमाइंडर
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा
बिहार के पशु चिकित्सकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। बिहार पशु चिकित्सा परिषद ने पंजीकरण नवीनीकरण की प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया है। परिषद के रजिस्ट्रार डॉ. अरविंद कुमार और अध्यक्ष डॉ. ओमकार नाथ दिवाकर ने ऑनलाइन सेवा का शुभारंभ किया।
नई व्यवस्था से राज्य के दूर-दराज और सीमावर्ती जिलों में कार्यरत पशु चिकित्सकों को अब केवल पंजीकरण नवीनीकरण के लिए पटना स्थित परिषद कार्यालय आने की जरूरत नहीं होगी। इससे उनका समय और यात्रा खर्च दोनों बचेंगे।
राज्य में पशु चिकित्सा व्यवसाय करने तथा सरकारी सेवा में पशु चिकित्सक के रूप में कार्य करने के लिए बिहार पशु चिकित्सा परिषद में पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकृत पशु चिकित्सकों को हर पांच वर्ष में अपना पंजीकरण नवीनीकृत कराना होता है। निर्धारित अवधि के बाद आवेदन करने पर नियमानुसार विलंब शुल्क देना पड़ता है।
अब तक नवीनीकरण के लिए पशु चिकित्सकों को पटना स्थित बिहार पशु चिकित्सा परिषद के कार्यालय में जाकर आवेदन और अन्य औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ती थीं। दूरस्थ जिलों में पदस्थापित चिकित्सकों के लिए यह प्रक्रिया काफी परेशानी वाली थी। कई बार विभागीय जिम्मेदारियों और दूरी के कारण समय पर नवीनीकरण नहीं हो पाता था और उन्हें अतिरिक्त शुल्क देना पड़ता था।
पंजीकरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया को ऑनलाइन करने के लिए बिहार पशु चिकित्सक संघ वर्ष 2022 से प्रयासरत था। नई व्यवस्था में पंजीकृत पशु चिकित्सकों को नवीनीकरण की निर्धारित अवधि के संबंध में एसएमएस के माध्यम से पांच बार रिमाइंडर भी भेजे जाएंगे। इससे अंतिम तिथि की जानकारी समय रहते मिल सकेगी और विलंब शुल्क से बचने में मदद मिलेगी।
परिषद की यह पहल पशु चिकित्सकों के लिए प्रक्रिया को अधिक सरल, सुविधाजनक, पारदर्शी और सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
लद्दाख घूमने का सपना होगा आसान, बिहार सरकार देगी 20 हजार तक अनुदान सिंधु दर्शन यात्रा के लिए आवेदन शुरू, 18 साल से अधिक उम्र के स्थायी निवासी ले सकेंगे लाभ
दरभंगा ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी ने किया बिरौल थाना का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश