लद्दाख घूमने का सपना होगा आसान, बिहार सरकार देगी 20 हजार तक अनुदान सिंधु दर्शन यात्रा के लिए आवेदन शुरू, 18 साल से अधिक उम्र के स्थायी निवासी ले सकेंगे लाभ
लद्दाख घूमने का सपना होगा आसान, बिहार सरकार देगी 20 हजार तक अनुदान सिंधु दर्शन यात्रा के लिए आवेदन शुरू, 18 साल से अधिक उम्र के स्थायी निवासी ले सकेंगे लाभ
लद्दाख घूमने का सपना होगा आसान, बिहार सरकार देगी 20 हजार तक अनुदान
सिंधु दर्शन यात्रा के लिए आवेदन शुरू, 18 साल से अधिक उम्र के स्थायी निवासी ले सकेंगे लाभ
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
लद्दाख की खूबसूरत वादियों और ऐतिहासिक सिंधु नदी का दर्शन करने की इच्छा रखने वाले बिहारवासियों के लिए अच्छी खबर है। बिहार सरकार ने सिंधु दर्शन यात्रा को आर्थिक रूप से आसान बनाने के लिए ‘सिंधु दर्शन तीर्थयात्रा वित्तीय सहायता अनुदान योजना-2026’ शुरू की है। पर्यटन विभाग ने योजना के तहत आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 से लागू इस योजना में पात्र यात्रियों को यात्रा खर्च का 50 प्रतिशत या अधिकतम 20 हजार रुपये तक आर्थिक सहायता दी जाएगी।
30 हजार खर्च पर मिलेंगे 15 हजार
योजना के तहत अनुदान की राशि वास्तविक पात्र यात्रा खर्च के आधार पर तय होगी। मसलन, यात्रा पर 30 हजार रुपये खर्च होने पर 50 प्रतिशत के हिसाब से 15 हजार रुपये की सहायता मिलेगी। वहीं 50 हजार रुपये या इससे अधिक खर्च होने पर अधिकतम 20 हजार रुपये अनुदान दिया जाएगा।
60 दिनों के अंदर करना होगा आवेदन
योजना का लाभ लेने के लिए पहले निर्धारित सिंधु दर्शन यात्रा पूरी करनी होगी। इसके बाद यात्रा समाप्त होने की तारीख से 60 दिनों के भीतर अनुदान के लिए आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ यात्रा से जुड़े जरूरी दस्तावेज जमा करना अनिवार्य होगा।
टिकट और परमिट संभालकर रखना होगा
यात्रा करने वाले लोगों को टिकट, भुगतान की रसीद, यात्रा खर्च के प्रमाण, परमिट, पहचान पत्र और बिहार का स्थायी निवासी होने से संबंधित प्रमाण सुरक्षित रखना होगा। विभागीय स्तर पर दस्तावेजों और यात्रा की वास्तविकता की जांच के बाद पात्र लाभार्थी को अनुदान की राशि दी जाएगी।
18 वर्ष से अधिक उम्र वालों को मिलेगा लाभ
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की उम्र 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। साथ ही वह बिहार का स्थायी निवासी हो और यात्रा धार्मिक एवं पर्यटन उद्देश्य से की गई हो। निर्धारित शर्तों और दस्तावेजों को पूरा करने वाले आवेदक ही योजना के लिए पात्र होंगे।
धार्मिक यात्रा के साथ संस्कृति से जुड़ने का मौका
सिंधु दर्शन यात्रा सिर्फ धार्मिक आस्था से जुड़ी यात्रा नहीं है, बल्कि यह भारत की प्राचीन सभ्यता, इतिहास और संस्कृति को करीब से जानने का अवसर भी देती है। लद्दाख की प्राकृतिक सुंदरता, स्थानीय संस्कृति और सिंधु नदी का ऐतिहासिक महत्व इस यात्रा को खास बनाता है।
पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य बिहार के अधिक से अधिक लोगों को देश की समृद्ध आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। आर्थिक सहायता मिलने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सिंधु दर्शन यात्रा अधिक सुलभ होगी।