25 अगस्त से हर माह लगेगा विद्यार्थी सहयोग शिविर, 30 दिनों में होगा शिकायतों का समाधान

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के त्वरित समाधान और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के उद्देश्य से जिले में 25 अगस्त 2026 से प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। यह पहल राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के तहत “सबका सम्मान, जीवन आसान” के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए शुरू की जा रही है।

शिविर सभी सरकारी शैक्षणिक संस्थानों एवं संबंधित छात्रावासों में आयोजित होगा। इसमें विश्वविद्यालय, अंगीभूत महाविद्यालय, अभियंत्रण एवं चिकित्सा महाविद्यालय, पॉलीटेक्निक, आईटीआई, पारा मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग स्कूल, सिमुलतला आवासीय विद्यालय सहित विभिन्न कल्याण विभागों के छात्रावास और विशेष विद्यालय शामिल होंगे।

ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे शिकायत

संस्थानों के वास्तविक विद्यार्थियों को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर पंजीकरण कर अपनी शैक्षणिक समस्याओं की शिकायत दर्ज कराने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सुझाव देने की सुविधा मिलेगी। समय पर कक्षा नहीं चलना, शिक्षकों की अनुपस्थिति, परीक्षा एवं परीक्षाफल में विलंब, अनधिकृत शुल्क वसूली, बिजली, बैठने की व्यवस्था, प्रयोगशाला, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, कोचिंग समेत अन्य शैक्षणिक एवं विधि-व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं शिकायत के रूप में दर्ज की जा सकेंगी।

30 दिनों में होगा अंतिम निस्तारण

शिविर में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित प्रक्रिया और मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार अधिकतम 30 दिनों में अंतिम निस्तारण किया जाएगा। विद्यार्थियों से मिले सुझावों को संबंधित विभाग समेकित करेंगे। लागू किए जा सकने वाले सुझावों पर विभागीय स्तर से कार्रवाई होगी, जबकि अन्य सुझावों पर उच्चस्तरीय शिक्षा सुधार समिति विचार करेगी।

शिविर के दिन संस्थान में कंप्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट सुविधा से युक्त कियोस्क भी उपलब्ध रहेगा, जहां विद्यार्थियों को शिकायत दर्ज कराने में सहायता मिलेगी।

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी रहेंगे तैनात

प्रत्येक शिविर में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की ओर से एक प्रशासनिक और एक पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। जरूरत के अनुसार संवेदनशील शिविरों में पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा। जिला स्तरीय अधिकारी शिविरों का निरीक्षण करेंगे और समेकित रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेजेंगे। जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी शिविरों का भ्रमण करेंगे।

असंतुष्ट विद्यार्थी राज्य स्तर पर कर सकेंगे अपील

यदि कोई विद्यार्थी पोर्टल पर निस्तारित शिकायत से संतुष्ट नहीं होता है तो वह मुख्यमंत्री के स्तर पर प्रत्येक माह के द्वितीय मंगलवार को आयोजित राज्य स्तरीय सहयोग शिविर में अपनी शिकायत की सुनवाई करा सकेगा।

जिला एवं प्रखंड स्तर के संबंधित अधिकारियों को पोर्टल के संचालन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के साथ उनके सुझावों को शिक्षा व्यवस्था में निरंतर सुधार का आधार बनाना है।