निजी अस्पतालों की होगी नियमित जांच, सदर अस्पताल गंगवाड़ा में शुरू होगी सर्जरी की सुविधा

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत निजी अस्पतालों को सूचीबद्ध करने तथा जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने शनिवार को समीक्षा बैठक की। उन्होंने सिविल सर्जन को जिले के निजी अस्पतालों की नियमित जांच करने और सूचीबद्ध अस्पतालों में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि योजना से जुड़े पात्र अस्पतालों में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ इलाज मिलना चाहिए। अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकीय सेवाओं और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया गया।

गंगवाड़ा सदर अस्पताल में सिजेरियन समेत शुरू होगी सर्जरी

बैठक में डीएम ने सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सिजेरियन डिलीवरी, हड्डी रोग से संबंधित ऑपरेशन, सामान्य सर्जरी सहित अन्य आवश्यक सर्जिकल सेवाएं शुरू करने के लिए जरूरी संसाधन, चिकित्सकीय व्यवस्था और मानव संसाधन उपलब्ध कराने को कहा।

डीएम ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता में लगातार सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार की सुविधा मिल सकेगी।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार मिश्रा, एनसीडीओ सत्येंद्र कुमार, डीपीएम स्वास्थ्य प्रभात कुमार राजू, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशिष अमन, डीसीएम रवि कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।