राष्ट्रीय लोक अदालत में दावा वादों के अधिक से अधिक निष्पादन पर जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सप्तम उपेन्द्र कुमार और जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने दावा वादों से जुड़े अधिवक्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में बीमा कंपनियों और दावाकर्ताओं के बीच सुलह-समझौते के माध्यम से लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर दिया गया।

एडीजे उपेन्द्र कुमार ने कहा कि दावा वादों में समझौते की काफी संभावना रहती है। यदि दावाकर्ता और बीमा कंपनी के बीच सार्थक पहल की जाए तो मामलों का आसानी से निष्पादन किया जा सकता है। इससे दोनों पक्षों को लाभ मिलेगा और न्यायालयों में लंबित मामलों की संख्या भी कम होगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने कहा कि 12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में पिछले आयोजनों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि निष्पादन के मामले में दरभंगा जिले को सम्मानजनक स्थान मिल सके। बैठक में कई अधिवक्ता मौजूद रहे।