बहेड़ी में विकास और आपदा पीड़ितों के साथ खड़ी सरकार, विधायक ने गिनाईं उपलब्धियां

दस्तक 7मीडिया /गुड्डू राज 

बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र के गांव-टोले और मोहल्लों को पक्की सड़कों से जोड़ने का काम लगातार जारी है। विधानसभा क्षेत्र का कोई भी गांव, टोला या मोहल्ला पक्की सड़क से वंचित नहीं रहेगा। यह बातें शनिवार को बहेड़ी विधायक सह बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ एनडीए गठबंधन के सचेतक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने समधपुरा पंचायत के सोनमा गांव के वार्ड संख्या दो में पीसीसी सड़क के लोकार्पण के दौरान कहीं।

मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत विधायक ऐच्छिक कोष से लालो राम के घर से सुरेश राम के घर तक निर्मित सड़क का लोकार्पण करते हुए विधायक ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में गांवों के हर टोले-मोहल्ले को पक्की सड़क से जोड़ने की दिशा में व्यापक काम हुआ है। आज बिहार के कोने-कोने को मुख्य सड़कों से जोड़ा जा चुका है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण कार्य विभाग की सड़कों के सुदृढ़ीकरण के साथ पथ निर्माण विभाग की कई सड़कों का दोहरीकरण किया गया है। आने वाले समय में विधानसभा क्षेत्र को कई और प्रमुख सड़कों की सौगात मिलेगी।

विधायक ने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, पेयजल सहित जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र लगातार आगे बढ़ रहा है। जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे 24 घंटे तत्पर हैं।

अग्निपीड़ितों के बीच बांटी सहायता राशि

विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने शनिवार को इनाई पंचायत के पवरा गांव में अग्निपीड़ित परिवारों के बीच सहायता राशि का वितरण भी किया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार जनता के सुख-दुख में साथ खड़ी है। सरकार का मानना है कि सरकारी खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है। इसी के तहत अग्निपीड़ितों समेत अन्य आपदा प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि आपदा प्राकृतिक प्रकोप है और सतर्कता ही इससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। सरकार फसल क्षति, अगलगी और अन्य आपदाओं से प्रभावित लोगों को समय पर राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस मौके पर अंचलाधिकारी रविकांत, जदयू युवा जिलाध्यक्ष रामशंकर सिंह, मुखिया लालबाबू मंडल, कुंदन सिंह, गजेंद्र प्रसाद सिंह, अंचल नाजिर संजीत कुमार, रौशन झा, राजकुमार सिंह, मनीष कुमार, अंकित झा, विपिन भगत, इंद्र लालदेव, मिथलेश शर्मा, कामेश्वर प्रसाद सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद थे।