बेनीपुर एक्साइज कोर्ट बना 10 थानों का केंद्र, न्यायिक क्षेत्राधिकार का हुआ विस्तार

दस्तक 7 मीडिया ,बेनीपुर /विधि संवाददाता 

बेनीपुर अनुमंडल के न्यायिक इतिहास में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया। वर्षों की प्रतीक्षा के बाद बेनीपुर एक्साइज कोर्ट के क्षेत्राधिकार का विस्तार कर दिया गया है। अब बेनीपुर और बिरौल अनुमंडल के 10 थानों से संबंधित उत्पाद (एक्साइज) मामलों की सुनवाई बेनीपुर एक्साइज कोर्ट में होगी। इससे संबंधित मामलों के निपटारे में तेजी आने के साथ आम लोगों और अधिवक्ताओं को भी सुविधा मिलेगी।

बिहार सरकार ने जनहित को देखते हुए पूर्व में कैबिनेट की बैठक में बेनीपुर एक्साइज कोर्ट के सशक्तीकरण और विस्तार के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इसके बाद दरभंगा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा ने क्षेत्राधिकार निर्धारित करने को लेकर पटना उच्च न्यायालय को पत्र भेजा था। इसके आलोक में पटना उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुधीर सिंह ने बेनीपुर एक्साइज कोर्ट के क्षेत्राधिकार को अधिसूचित कर दिया।

नई व्यवस्था के तहत बहेड़ा, अलीनगर, घनश्यामपुर, बिरौल, कुशेश्वरस्थान, तिलकेशवर ,जमालपुर, बरगांव, नदी, एक्साइज बेनीपुर और बिरौल थाना क्षेत्र के सभी उत्पाद मामलों की सुनवाई अब बेनीपुर एक्साइज कोर्ट में होगी।

इस निर्णय पर अखिल भारतीय अधिवक्ता कल्याण समिति (युवा प्रकोष्ठ) के राष्ट्रीय महामंत्री अधिवक्ता सुशील कुमार चौधरी ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि बेनीपुर एक्साइज कोर्ट का विस्तार क्षेत्र के लिए न्यायिक दृष्टि से बड़ी उपलब्धि है। इससे गरीब और आम लोगों को सस्ता, सुलभ एवं त्वरित न्याय मिलने में मदद मिलेगी।

उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, पटना उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुधीर सिंह तथा दरभंगा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा के प्रति बेनीपुरवासियों और अधिवक्ता समाज की ओर से आभार व्यक्त किया।