350 से अधिक सुपारी किलर्स एसटीएफ की हिट लिस्ट में, बड़े अभियान की तैयारी
350 से अधिक सुपारी किलर्स एसटीएफ की हिट लिस्ट में, बड़े अभियान की तैयारी
350 से अधिक सुपारी किलर्स एसटीएफ की हिट लिस्ट में, बड़े अभियान की तैयारी
दस्तक 7मीडिया / पटना
बिहार में संगठित अपराध और पेशेवर हत्या पर शिकंजा कसने के लिए बिहार एसटीएफ और सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। राज्यभर में 350 से अधिक सुपारी किलर्स और प्रोफेशनल शूटर्स को चिह्नित कर उनकी हिट लिस्ट तैयार की गई है। इन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ और सीआईडी की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। एसटीएफ के डीआईजी संजय कुमार सिंह ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, सूची में शामिल अपराधियों की गतिविधियों पर तकनीकी सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और जमीनी सूचना तंत्र के जरिए नजर रखी जा रही है। अपराधियों के संभावित ठिकानों की निगरानी के लिए एसटीएफ अपनी ड्रोन यूनिट को भी मजबूत कर रही है।
12 से अधिक भू-माफिया भी निशाने पर
सुपारी किलर्स के अलावा पटना, बेगूसराय और मोतिहारी समेत विभिन्न जिलों के 12 से अधिक बड़े भू-माफियाओं को भी चिह्नित किया गया है। इनकी संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई के लिए सूची प्रवर्तन निदेशालय को भेजी जा रही है।
1716 हार्डकोर अपराधी गिरफ्तार
एसटीएफ के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 1716 इनामी और वांछित हार्डकोर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। समय रहते कार्रवाई कर 94 बड़ी आपराधिक घटनाओं को भी रोका गया। इस दौरान राज्यभर में पुलिस और अपराधियों के बीच 19 मुठभेड़ हुईं।
अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 33 मिनी गन फैक्ट्रियों का भी भंडाफोड़ किया गया। अभियान में दो एके-47, एक एके-56, दो इंसास राइफल, एक कार्बाइन और 398 देसी कट्टे बरामद किए गए।
बैंक और ज्वेलरी लूट गिरोह पर भी कार्रवाई
एसटीएफ ने बैंक और आभूषण प्रतिष्ठानों में लूट की वारदातों से जुड़े 113 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से बड़ी मात्रा में सोना-चांदी भी बरामद किया गया है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, संगठित अपराध के खिलाफ लगातार चल रही कार्रवाई का असर भी दिख रहा है। मामूली रकम के लिए कराई जाने वाली पेशेवर हत्याओं की घटनाओं में पिछले वर्षों की तुलना में कमी आई है। अधिकारियों का कहना है कि चिह्नित अपराधियों पर निगरानी और गिरफ्तारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।
मोनू सहनी के मौत की सीआईडी जांच शुरू, खराजपुर पहुंचे डीआईजी जयंतकांत ,परिजनों ने डीआईयू टीम पर पैसे मांगने और दबाव बनाने का लगाया आरोप; पुलिस टीम पर हमले और मौत के कारणों की हो रही हे जांच ?
दस्तक 7 मीडिया की खबर का असर, सोनकी थाना से हटाए गए होमगार्ड जवान सुशील यादव, खबर प्रकाशित होने के एक घंटे के भीतर एसएसपी ने दी कार्रवाई की जानकारी, स्थानीय लोगों ने जताई खुशी; वर्षों से एक ही क्षेत्र में प्रतिनियुक्ति को लेकर उठ रहे थे सवाल