किराना दुकान की आड़ में गांजा बेचने का आरोप, 1.044 किलो गांजा के साथ दुकानदार गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा के अलीनगर थाना क्षेत्र के धमसाईन गांव में पुलिस ने छापेमारी कर किराना दुकान से 1.044 किलो गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से नारायण साह उर्फ बनीमा (50) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त की रात करीब 8:05 बजे विशेष वाहन जांच के दौरान सूचना मिली थी कि धमसाईन गांव में नारायण साह अपनी किराना दुकान में गांजा रखकर पुड़िया बनाकर बेचता है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने दुकान पर छापेमारी की।

तलाशी के दौरान दुकान के गल्ले के पास एक सफेद बोरे में छिपाकर रखा गांजा जैसा पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर सीलबंद किया। जांच में इसकी कुल मात्रा 1.044 किलो पाई गई।

गिरफ्तार नारायण साह उर्फ बनीमा, धमसाईन गांव निवासी स्व. बलदेव साह का पुत्र है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

छापेमारी दल में अलीनगर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा, पीटीसी अरुण कुमार, सिपाही पप्पु कुमार, बीएचजी पंकज मुखिया और बीएचजी रौशन कुमार झा शामिल थे।