पंचायत सरकार भवन निर्माण में तेजी लाएं, लंबित कार्यों को समय पर करें पूरा : आयुक्त

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

आयुक्त दरभंगा प्रमंडल हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रमंडलीय सभागार में दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिले में पंचायत सरकार भवन निर्माण को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पंचायती राज विभाग से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

आयुक्त ने पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। जिन पंचायतों में निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है, वहां शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने को कहा। उन्होंने तीनों जिलों के जिला पंचायती राज पदाधिकारियों को निर्माणाधीन भवनों का नियमित निरीक्षण करने और लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि योजनाओं की नियमित निगरानी के साथ अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा हो सके।

बैठक में कन्या विवाह मंडप एवं मुक्तिधाम निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने स्वीकृत सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आवश्यक सामाजिक एवं सामुदायिक सुविधाएं समय पर मिल सकें।

मुक्तिधामों के आसपास पर्यावरण संरक्षण के लिए आम के पौधे लगाने का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए बेहतर समन्वय के साथ कार्यों को गति देने को कहा।

बैठक में आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।