नीट-पीजी परीक्षा को लेकर 100 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा, 30 अगस्त को सुबह 6 बजे से परीक्षा समाप्ति तक लागू रहेगा प्रतिबंध, केंद्र के आसपास पांच या अधिक लोगों के जुटने पर रोक
नीट-पीजी परीक्षा को लेकर 100 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा,
30 अगस्त को सुबह 6 बजे से परीक्षा समाप्ति तक लागू रहेगा प्रतिबंध, केंद्र के आसपास पांच या अधिक लोगों के जुटने पर रोक
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान परीक्षा बोर्ड, नई दिल्ली के निर्देश पर नीट-पीजी 2026 परीक्षा 30 अगस्त को दरभंगा के एक परीक्षा केंद्र पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा के माध्यम से आयोजित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की तैयारी पूरी कर ली है।
जिलाधिकारी कौशल कुमार के आदेश पर सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार गौरव ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत परीक्षा केंद्र के आसपास 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की है। यह आदेश 30 अगस्त को सुबह छह बजे से परीक्षा की पूरी प्रक्रिया समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा।
परीक्षा iON Digital Zone IDZ1, खाजासराय, लहेरियासराय स्थित केंद्र पर एक पाली में सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी।
निषेधाज्ञा वाले क्षेत्र में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, लाठी, भाला, गड़ासा, छूरा अथवा अन्य घातक हथियार एवं विस्फोटक लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा। सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग पर भी रोक रहेगी। परीक्षार्थियों और परीक्षा से जुड़े अन्य व्यक्तियों को मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर निषिद्ध क्षेत्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
हालांकि परीक्षा संचालन में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी, पुलिस एवं सैन्य बल के जवान, सरकारी अथवा प्रशासन द्वारा निर्गत पासधारी, परीक्षा संचालन में लगे कर्मी तथा शवयात्रा, धार्मिक जुलूस और शादी-विवाह के कार्यक्रम इस आदेश के दायरे से मुक्त रहेंगे।
प्रशासन ने परीक्षा से जुड़े पदाधिकारियों, कर्मियों, परीक्षार्थियों और आम नागरिकों से निषेधाज्ञा का पालन करने तथा परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सुचारू संचालन में सहयोग करने की अपील की है।
पंचायत सरकार भवन निर्माण में तेजी लाएं, लंबित कार्यों को समय पर करें पूरा : आयुक्त
बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर में सांसद शांभवी चौधरी ने किया जलाभिषेक .क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना, माता नीता केशकर और सायन कुणाल भी रहे साथ .मिथिला के पारंपरिक पाग-माला से हुआ स्वागत .केंवटगामा में नाला निर्माण की मांग सौंपी