नीलाम पत्र वादों के निपटारे को चलेगा विशेष अभियान, हर पदाधिकारी को 100 मामलों का लक्ष्य
नीलाम पत्र वादों के निपटारे को चलेगा विशेष अभियान, हर पदाधिकारी को 100 मामलों का लक्ष्य
नीलाम पत्र वादों के निपटारे को चलेगा विशेष अभियान, हर पदाधिकारी को 100 मामलों का लक्ष्य
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
नीलाम पत्र वादों के त्वरित निष्पादन और बकाया राशि की वसूली में तेजी लाने के लिए प्रमंडल स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने प्रत्येक नीलाम पत्र पदाधिकारी को कम-से-कम 100 लंबित वादों के निष्पादन का लक्ष्य दिया है। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरतने का निर्देश दिया।
शुक्रवार को आयुक्त की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दरभंगा प्रमंडल के नीलाम पत्र वादों के निष्पादन और वसूली की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में दरभंगा और समस्तीपुर के जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी जुड़े।
समीक्षा के दौरान आयुक्त ने विभिन्न जिलों में लंबित नीलाम पत्र वादों, उनके निष्पादन और वसूली की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी नीलाम पत्र पदाधिकारी विशेष अभियान चलाएं और प्राथमिकता के आधार पर पुराने लंबित मामलों का निष्पादन करें।
आयुक्त ने नियमित रूप से न्यायालय का संचालन कर अधिक से अधिक वादों का निपटारा करने तथा लंबित मामलों की लगातार समीक्षा करने को कहा। साथ ही बैंकवार पंजी-9 और पंजी-10 का मिलान कराने का निर्देश दिया, ताकि अभिलेखों में किसी प्रकार की विसंगति नहीं रहे और वादों एवं वसूली की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
उन्होंने बैंकों और संबंधित संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई में तेजी लाने तथा प्रत्येक स्तर पर लंबित मामलों की नियमित निगरानी करने को कहा। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करते हुए नीलाम पत्र वादों के निष्पादन और वसूली में तेजी लाई जाए।
बैठक में आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य, तीनों जिलों के नीलाम पत्र पदाधिकारी सहित प्रमंडल एवं जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। तीनों जिलों के अग्रणी बैंक प्रबंधक और विभिन्न बैंकों के शाखा समन्वयक भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।