झोले में पांच पिस्टल लेकर जा रहा अंतरजिला हथियार तस्कर गिरफ्तार ,समस्तीपुर जिला का हे गिरफ्तार तस्कर 

दस्तक 7 मीडिया /मोतिहारी 

रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने हथियारों की बड़ी खेप के साथ एक अंतरजिला हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर निवासी मो. अहमद, पिता नूर मोहम्मद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से पांच पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और 10 मैगजीन बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, मजुराहां फायरिंग रेंज के समीप हथियारों की बड़ी खेप पहुंचने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सदर डीएसपी-1 दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने मो. अहमद को रोककर उसके झोले की तलाशी ली। तलाशी के दौरान झोले से पांच पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और 10 मैगजीन बरामद हुईं।

हथियारों की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस व्यक्ति या आपराधिक गिरोह तक पहुंचाया जाना था। पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तार तस्कर के जरिए अंतरजिला स्तर पर हथियारों की आपूर्ति की जा रही थी।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर हथियार तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इस कार्रवाई को हथियारों की अवैध सप्लाई के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।