रैतिक परेड में दिखा पुलिस का अनुशासन, एसएसपी ने परखी जवानों की फिटनेस
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
पुलिस केंद्र लहेरियासराय में शुक्रवार को वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में रैतिक परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक रक्षित सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने परेड ग्राउंड का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परेड के दौरान जवानों की शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और वर्दी के रखरखाव की जांच की गई। पुलिसकर्मियों से दौड़ एवं ड्रिल कराई गई, जबकि टोलीवार ड्रिल के माध्यम से एकरूपता और अनुशासन का अभ्यास कराया गया।
पुलिस केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं को मानसिक, शारीरिक फिटनेस एवं आत्मविकास के लिए योग का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं, बैरक की साफ-सफाई तथा वाहनों का भी जायजा लिया गया।वरीय पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को पुलिस केंद्र की व्यवस्था, साफ-सफाई और संसाधनों के बेहतर रखरखाव को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
