बाढ़ की तैयारियों को लेकर आयुक्त ने की समीक्षा, तटबंधों की सतत निगरानी और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश
बाढ़ की तैयारियों को लेकर आयुक्त ने की समीक्षा, तटबंधों की सतत निगरानी और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश
बाढ़ की तैयारियों को लेकर आयुक्त ने की समीक्षा,
तटबंधों की सतत निगरानी और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल हिमांशु कुमार राय ने गुरुवार को बाढ़ की तैयारियों को लेकर दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर जिलों के जल संसाधन विभाग के अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बाढ़ सुरक्षा, तटबंधों की स्थिति, नदी कटाव, आपदा प्रबंधन और नहरों में किसानों के लिए पानी की उपलब्धता सहित विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।
आयुक्त ने संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने और तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार सितंबर में बाढ़ की संभावना को देखते हुए सभी स्तरों पर तैयारी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने तटबंधों का नियमित निरीक्षण करने तथा रैन कट, चूहा बिल और अन्य कमजोर स्थलों की पहचान कर तत्काल मरम्मत व सुदृढ़ीकरण कराने का निर्देश दिया। संवेदनशील स्थानों पर जरूरत के अनुसार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर लगातार निगरानी रखने को कहा गया। किसी भी प्रकार की क्षति या असामान्य स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने बाढ़ के दौरान लोगों और पशुओं की सुरक्षा के साथ नावों की उपलब्धता की भी जानकारी ली। तटबंधों और संवेदनशील स्थलों पर आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त मात्रा में रेत से भरे बोरे उपलब्ध रखने को कहा।
उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण किसी क्षेत्र का संपर्क पथ टूटने की स्थिति में लोगों के आवागमन के लिए तत्काल वैकल्पिक पहुंच पथ की व्यवस्था की जाए। इसके लिए पथ निर्माण विभाग और ग्रामीण कार्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर पहले से आवश्यक तैयारी रखने का निर्देश दिया गया।
बैठक में नहरों के माध्यम से किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे पानी की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने धान की फसल के लिए किसानों की आवश्यकता के अनुरूप नहरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी करने को कहा।
बैठक में क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य, सहायक निदेशक (योजना) प्रीति कुमारी सहित दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर के जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता और सहायक अभियंता उपस्थित थे।