सोना छीनने की कहानी में नया मोड़, सीसीटीवी ने खोली ठगी की पोल,

लहेरियासराय में 74 वर्षीय ज्वेलर्स कारोबारी से अंगूठी-चेन छीनने की शिकायत, पुलिस जांच में सामने आई अलग तस्वीर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

लहेरियासराय थाना क्षेत्र में 74 वर्षीय ज्वेलर्स कारोबारी से सोने की अंगूठी और चेन छीनने की शिकायत की जांच में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस की तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में प्रथम दृष्टया मामला जबरन छिनतई का नहीं, बल्कि ठगी का प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की आगे जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार रहमगंज निवासी 74 वर्षीय रामचंद्र प्रसाद ने लहेरियासराय थाने में आवेदन देकर बताया था कि 18 अगस्त को करीब 1:15 बजे वह अपने घर से बाकरगंज स्थित अपनी दुकान अलंकार ज्वेलर्स जा रहे थे। नाका-6 स्थित शेखर नेत्रालय के पास तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें रोककर डराया-धमकाया और सोने की एक अंगूठी तथा दो चेन छीन लीं। शिकायत के आधार पर लहेरियासराय थाना कांड संख्या 494/26 दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अनुसंधान के साथ तकनीकी जांच शुरू की। पूछताछ में वादी ने बताया कि घटनास्थल के पास एक व्यक्ति ने उन्हें रोककर कहा कि ‘साहब बुला रहे हैं।’ पूछने पर उसने खुद को पुलिस अफसर बताया। इसके बाद दो अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और कहा कि इतना सोना पहनकर क्यों चलते हैं। उन्होंने खुद को छिनतई रोकने वाला बताते हुए वादी से आभूषण खोलकर सुरक्षित रखने को कहा।

इसके बाद एक व्यक्ति ने कागज दिया और उसमें अंगूठी व चेन रखने को कहा। वादी ने दोनों आभूषण कागज में रख दिए। कुछ देर बाद कागज गायब हो गया। वादी को इसकी जानकारी नहीं हुई कि कागज कब और कैसे गायब हुआ।

सीसीटीवी में खुद आभूषण निकालते दिखे वादी

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। फुटेज में वादी स्वयं अपनी अंगूठी और चेन निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं। प्रथम दृष्टया फुटेज में उनके साथ जबरन छीनाझपटी किए जाने की स्थिति नजर नहीं आ रही है।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है। घटना के समय भी सड़क पर बड़ी संख्या में पैदल यात्रियों और वाहनों की आवाजाही थी। ऐसे में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला ठगी का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई अनुसंधान में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।