मुजफ्फरपुर से नेपाल सीमा तक फोरलेन की राह साफ, 3,590 करोड़ की मंजूरी

दस्तक 7 मीडिया ,मुजफ्फरपुर/दीपक कुमार 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय राजमार्ग-22 के मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा खंड को चार लेन में विकसित करने की मंजूरी दे दी है। करीब 82.578 किलोमीटर लंबे इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण पर 3,590.73 करोड़ रुपये खर्च होंगे। परियोजना को हाइब्रिड वार्षिकी मॉडल के तहत पूरा किया जाएगा।

परियोजना के तहत सात बड़े पुल, तीन रेलवे ओवरब्रिज और दो फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। चार लेन का मार्ग तैयार होने के बाद मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी की यात्रा करीब 40 मिनट में पूरी होने की उम्मीद है। वहीं, सीतामढ़ी होते हुए सोनबरसा स्थित नेपाल सीमा तक पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगेगा।

इस परियोजना से सीतामढ़ी स्थित माता सीता की जन्मस्थली पुनौरा धाम समेत प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों तक श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी। साथ ही बौद्ध परिपथ से जुड़ी पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

नेपाल सीमा तक बेहतर सड़क संपर्क होने से दोनों देशों के बीच व्यापार और माल ढुलाई को भी गति मिलेगी। उत्तर बिहार के मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए यह परियोजना आवागमन, पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।