न्यायमूर्ति सुधीर सिंह के नेतृत्व में पटना हाईकोर्ट का बेहतर प्रदर्शन, 111.13% रहा केस क्लीयरेंस रेट

दस्तक 7मीडिया,पटना /विधि संवाददाता 

अखिल भारतीय अधिवक्ता कल्याण समिति (युवा प्रकोष्ठ) के राष्ट्रीय महामंत्री सुशील कुमार चौधरी ने पटना हाईकोर्ट के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुधीर सिंह के नेतृत्व में न्यायिक व्यवस्था में हुए सकारात्मक बदलावों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि पिछले एक माह में हाईकोर्ट ने मामलों के निपटारे में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।

सुशील कुमार चौधरी के अनुसार, इस अवधि में पटना हाईकोर्ट में 15,394 नए मामले दायर हुए, जबकि 17,107 मामलों का निपटारा किया गया। इससे केस क्लीयरेंस रेट 111.13 प्रतिशत रहा। उन्होंने कहा कि जमानत और अन्य अति आवश्यक मामलों को प्राथमिकता देकर आम लोगों को समय पर न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में किए गए प्रयास सराहनीय हैं।

उन्होंने कहा कि न्यायमूर्ति सुधीर सिंह की पहल न्यायालय तक सीमित नहीं है। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में उन्होंने कमजोर और वंचित वर्गों तक कानूनी सहायता पहुंचाने के लिए सभी प्रमंडलों में पैरा लीगल वालंटियरों का प्रशिक्षण कराया है।

सुशील कुमार चौधरी ने कहा कि न्यायमूर्ति सुधीर सिंह का दृष्टिकोण ‘न्याय सबके लिए’ की अवधारणा को मजबूती प्रदान करता है। अखिल भारतीय अधिवक्ता कल्याण समिति (युवा प्रकोष्ठ) ने उनके जनहितकारी कार्यों के लिए उनका अभिनंदन करते हुए उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में बिहार की न्याय व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी।